सिंगरौली की अधिवक्ता अन्नू पटेल ने मध्यप्रदेश बार काउंसिल चुनाव में हासिल किया सर्वाधिक मत

अपना विचार समाचार
सिंगरौली। मध्यप्रदेश बार काउंसिल के वर्ष 2026 के निर्वाचन परिणाम में सिंगरौली जिले के लिए गौरव का क्षण सामने आया है। सिंगरौली सत्र न्यायालय की वरिष्ठ अधिवक्ता माननीय अन्नू पटेल ने चुनाव में 1,050 मत प्राप्त कर सर्वाधिक मत हासिल करने वाले उम्मीदवारों में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। चुनाव परिणाम के अनुसार उन्हें कुल 1,01475 वोट वैल्यू प्राप्त हुई है।

अन्नू पटेल की इस उपलब्धि को सिंगरौली के अधिवक्ता समाज के साथ-साथ पूरे जिले के लिए सम्मान और गौरव की बात माना जा रहा है। विशेष रूप से महिला अधिवक्ता के रूप में उनका यह प्रदर्शन न्यायिक क्षेत्र में सिंगरौली की मजबूत उपस्थिति को दर्शाता है।
अधिवक्ता समाज ने दी बधाई
अन्नू पटेल को मध्यप्रदेश बार काउंसिल निर्वाचन में शानदार सफलता और सर्वाधिक मत प्राप्त करने पर अधिवक्ताओं, न्यायिक क्षेत्र से जुड़े लोगों एवं शुभचिंतकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। लोगों ने उम्मीद जताई है कि बार काउंसिल में उनकी सक्रिय भूमिका से अधिवक्ताओं के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती मिलेगी।
“यह जीत केवल मेरी नहीं, सिंगरौली के अधिवक्ता समाज की है”
अपनी सफलता को लेकर अन्नू पटेल का विचार है कि यह उपलब्धि व्यक्तिगत सम्मान से कहीं अधिक सिंगरौली के अधिवक्ता समाज के विश्वास और समर्थन की जीत है। उनका मानना है कि अधिवक्ताओं के हित, न्याय व्यवस्था की मजबूती और बार-बेंच के बीच बेहतर समन्वय के लिए निरंतर प्रयास किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना समर्थन दिया है, उस विश्वास को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उनका प्रयास रहेगा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं और व्यावसायिक हितों को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाया जाए तथा युवा अधिवक्ताओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलें।
सिंगरौली की बेटी और वरिष्ठ अधिवक्ता अन्नू पटेल की यह सफलता जिले के न्यायिक जगत के लिए निश्चित रूप से एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।



