रीवा संभाग में राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, 15 तहसीलदारों-नायब तहसीलदारों की वेतनवृद्धि रोकी

रीवा संभाग में राजस्व प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, 15 तहसीलदारों-नायब तहसीलदारों की वेतनवृद्धि रोकी
रीवा। रीवा संभाग के कमिश्नर बी.एस. जामोद ने राजस्व मामलों के समयबद्ध निराकरण में लापरवाही बरतने वाले 15 तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी आगामी वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकने के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन से संबंधित प्रकरणों का आरसीएमएस पोर्टल पर निर्धारित समय सीमा में निराकरण नहीं करने के कारण की गई है।
जानकारी के अनुसार संबंधित अधिकारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन लंबित प्रकरणों के निराकरण में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की गई।
रीवा जिले में त्योंथर के प्रभारी तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद शुक्ला तथा हुजूर तहसील के नायब तहसीलदार तेजपति सिंह की एक-एक वेतनवृद्धि रोकी गई है। सतना जिले में रघुराजनगर के प्रभारी तहसीलदार सौरभ मिश्रा की दो, बिरसिंहपुर के प्रभारी तहसीलदार डॉ. शैलेन्द्र बिहारी शर्मा की एक तथा मऊगंज के प्रभारी तहसीलदार वीरेन्द्र कुमार पटेल की दो वेतनवृद्धियां रोकी गई हैं।
सीधी जिले के सिहावल के जयप्रकाश पाण्डेय, बहरी के इंद्रभान सिंह, गोपद बनास के राकेश शुक्ला, कुसमी के नारायण सिंह तथा रामपुर नैकिन के आशीष कुमार मिश्रा की एक-एक वेतनवृद्धि रोकी गई है। वहीं सिंगरौली जिले में सिंगरौली की प्रीति सिकरवार, चितरंगी के नागेश्वर प्रसाद पनिका तथा माड़ा की जान्हवी शुक्ला के विरुद्ध भी यही कार्रवाई की गई है। इसके अलावा मैहर जिले के मैहर के जितेन्द्र पटेल एवं अमरपाटन के रामदेव साकेत की एक-एक वेतनवृद्धि रोकी गई है।
कमिश्नर बी.एस. जामोद ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन जैसे राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में निर्देशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों के खिलाफ और भी कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।



