युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन 16 जून को, युवाओं को मिलेगा निजी क्षेत्र में रोजगार का अवसर

युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन 16 जून को, युवाओं को मिलेगा निजी क्षेत्र में रोजगार का अवसर
सिंगरौली, 11 जून 2026। जिले के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकासखण्ड स्तरीय “युवा संगम – रोजगार, स्व-रोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला” का आयोजन 16 जून को शासकीय आईटीआई सिंगरौली में किया जाएगा। यह रोजगार मेला प्रातः 10:30 बजे से सायं 4:00 बजे तक आयोजित होगा।
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र की कई प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। मेले में 6वीं से 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा, पॉलिटेक्निक, बीटेक, स्नातक, स्नातकोत्तर एवं अन्य योग्यताधारी युवा शामिल हो सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।
रोजगार मेले में महान एनर्जीजन लिमिटेड (अदानी पावर बंधौरा), रिलायंस सासन पावर लिमिटेड, रिलायंस सासन कोल माइंस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड, एसआईएस सिक्योरिटी, अदानी स्किल डेवलपमेंट सेंटर, बद्रिका हुंडई, वीई कमर्शियल व्हीकल्स लिमिटेड, विवेक टीवीएस तथा श्री इंजीनियरिंग सर्विसेज प्रा.लि. सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां सहभागिता करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित कंपनियों के नियमानुसार वेतनमान प्रदान किया जाएगा।
जिला रोजगार कार्यालय ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो, समग्र आईडी, आधार कार्ड तथा जीवित रोजगार पंजीयन साथ लाना अनिवार्य होगा। मेले में कैरियर मार्गदर्शन एवं रोजगार संबंधी परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
जिला रोजगार कार्यालय ने जिले के पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में मेले में शामिल होकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा तथा कोई भी कंपनी अभ्यर्थियों से धनराशि की मांग नहीं करेगी।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, कलेक्ट्रेट परिसर सिंगरौली अथवा दूरभाष क्रमांक 07805-233248 पर संपर्क किया जा सकता है।



