स्वरोजगार योजनाओं के लंबित प्रकरणों का समय पर हो शत-प्रतिशत निराकरण: कलेक्टर गौरव बैनल

स्वरोजगार योजनाओं के लंबित प्रकरणों का समय पर हो शत-प्रतिशत निराकरण: कलेक्टर गौरव बैनल
सिंगरौली, 11 जून 2026। कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने बैंकर्स एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ स्वरोजगार योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की हितग्राही मूलक योजनाओं के तहत लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने जिले के क्रेडिट-डेपोजिट रेशियो की समीक्षा करते हुए ऋण वितरण बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए बैंकर्स और निवेशकों के संयुक्त सहयोग से जिले में व्यापार मेले आयोजित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि वार्षिक क्रेडिट प्लान के तहत प्राथमिकता एवं गैर-प्राथमिकता क्षेत्रों में ऋण का संतुलित वितरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी बैंकों को स्वरोजगार योजनाओं के पात्र आवेदकों को लक्ष्य के अनुरूप ऋण उपलब्ध कराने तथा अनिवार्य रूप से क्रेडिट कार्ड जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना के अधिक से अधिक लाभार्थी जोड़ने के लिए वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करने को कहा।
कलेक्टर ने जिले के तीनों विकासखंडों में सीएफएल के माध्यम से नियमित वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम संचालित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति विशेष रूप से जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सभी बैंक प्रतिनिधियों को उपभोक्ताओं की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, जिससे सरकारी योजनाओं की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से बिना किसी बाधा के लाभार्थियों के खातों तक पहुंच सके।
इस दौरान कलेक्टर ने भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि को बैंकों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए सुरक्षा गार्डों की अनिवार्य तैनाती संबंधी स्पष्ट दिशा-निर्देश तैयार करने का सुझाव भी दिया।
बैठक में एलडीओ धीरज गुप्ता, एलडीएम रंजीत कुमार, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र नवीन कुशवाहा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग मिथिलेश इवने सहित विभिन्न बैंकों के जिला स्तरीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



