दीपेंद्र की कलमब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मोरवा उप कार्यालय पहुंचीं नगर निगम आयुक्त, विकास कार्यों की समीक्षा; एमपी-यूपी सीमा पर बनेगा भव्य स्वागत द्वार

अपना विचार समाचार

मोरवा उप कार्यालय पहुंचीं नगर निगम आयुक्त, विकास कार्यों की समीक्षा; एमपी-यूपी सीमा पर बनेगा भव्य स्वागत द्वार

सिंगरौली। नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने बुधवार को मोरवा उप कार्यालय का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों, जनसुविधाओं एवं विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पेयजल, स्वच्छता, यातायात, अतिक्रमण नियंत्रण, अग्निशमन सेवाओं और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक की सबसे महत्वपूर्ण घोषणा मध्य प्रदेश–उत्तर प्रदेश सीमा पर एक भव्य स्वागत द्वार के निर्माण को लेकर रही। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निगम की पहचान को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्य मार्ग पर आकर्षक प्रवेश द्वार बनाया जाए, जिस पर “मध्य प्रदेश नगर निगम आपका स्वागत करता है” अंकित हो। इसके लिए शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मोरवा उप कार्यालय में आवश्यक फर्नीचर, टेबल-कुर्सियों सहित मूलभूत संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी नागरिकों तक नियमित एवं पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, पुनर्निर्धारित सफाई कार्यों को समय पर पूरा करने तथा पर्याप्त वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था पर संतोष भी व्यक्त किया।

आयुक्त ने मोरवा क्षेत्र के लिए शीघ्र शव वाहन उपलब्ध कराने तथा लंबे समय से बंद पड़े अग्निशमन वाहन की तत्काल मरम्मत कर संचालन शुरू करने के निर्देश भी दिए।

यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण नियंत्रण को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त ने सार्वजनिक स्थलों से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा संबंधित अधिकारियों को सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में पार्षद परमेश्वर पटेल, शेखर सिंह, राजबहादुर पनिका, पार्षद प्रतिनिधि शीलू अग्रहरि, डिप्टी कमिश्नर आर.पी. बैस, स्वास्थ्य अधिकारी बी.जी. चतुर्वेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अपना विचार समाचार

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button