भारतीय संविधान सम्मान, सुरक्षा एवं संवर्धन अभियान के तहत संविधान प्रबोधन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

भारतीय संविधान सम्मान, सुरक्षा एवं संवर्धन अभियान के तहत संविधान प्रबोधन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
मानपुर/उमरिया, 21 जून। महावीर कंप्यूटर कॉलेज, मानपुर (तहसील मानपुर, जिला उमरिया) में “भारतीय संविधान सम्मान, सुरक्षा एवं संवर्धन” अभियान के अंतर्गत संविधान प्रबोधन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारतीय संविधान की मूल भावना, सामाजिक न्याय, समानता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि मूलनिवासी समाज राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा संविधान में निहित अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों द्वारा संगठनात्मक विस्तार को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर तहसील एवं नगर स्तर पर संयोजक एवं सहसंयोजकों की नियुक्ति की गई। साथ ही कार्यकारिणी गठन के लिए आगामी बैठक रविवार, 28 जून को दोपहर 3 बजे महावीर कंप्यूटर कॉलेज, मानपुर में आयोजित करने की घोषणा की गई। मूलनिवासी समाज के सभी साथियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए मू. रामविनोद चौधरी (तहसील प्रभारी), पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक), उमरिया (मध्यप्रदेश) ने बताया कि अभियान का उद्देश्य संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में समानता, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है।



