दीपेंद्र की कलमबड़ी न्यूज़ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर सख्त, एनआरसी में शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी और 10 अतिरिक्त बेड बढ़ाने के निर्देश

जन विश्वास अभियान, हर घर तिरंगा, मोरवा विस्थापन, खाद उपलब्धता और सीएम हेल्पलाइन की भी हुई विस्तृत समीक्षा

अपना विचार समाचार

सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, पोषण, विस्थापन, कृषि, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विभिन्न महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।

एनआरसी में बढ़ेंगी सुविधाएं, 10 अतिरिक्त बेड होंगे उपलब्ध

कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिला मुख्यालय स्थित एनआरसी में 10 अतिरिक्त बेड बढ़ाने की कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग को निर्देशित किया कि कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर एनआरसी में भर्ती कराया जाए।

मोरवा विस्थापन के लिए पुनर्स्थापन योजना तैयार होगी

बैठक में मोरवा विस्थापन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विस्थापन से प्रभावित होने वाले विद्यालय, आंगनवाड़ी केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र एवं प्रसव केंद्रों का सूचीकरण कर उनके पुनर्स्थापन के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन कर प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि नए स्थानों का चयन प्रभावित परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया जाए।

7 अगस्त से शुरू होगा जन विश्वास अभियान

कलेक्टर ने 7 अगस्त से प्रारंभ होने वाले जन विश्वास अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिविरों में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी विभागों को अपनी हितग्राहीमूलक योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लोगों को अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

डीएमएफ से प्राथमिकता वाले कार्यों का होगा चयन

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बेसलाइन सर्वे कर जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) निधि से कराए जाने वाले प्राथमिकता वाले विकास कार्यों का चिन्हांकन किया जाए, ताकि योजनाओं का लाभ जरूरतमंद क्षेत्रों तक पहुंच सके।

खाद की उपलब्धता और फार्मर रजिस्ट्री पर जोर

जिले में खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कृषि विभाग को किसानों को तिलहन एवं दलहन फसलों की बुवाई के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी अनुविभागीय अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह खाद गोदामों का निरीक्षण करने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी या अवैध बिक्री करने वाले विक्रेताओं पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्रीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसकी प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की जाएगी।

हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा

बैठक में 9 से 17 अगस्त तक आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं नगर निगम आयुक्त को अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई के प्रकरणों पर सख्ती

कलेक्टर ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन में दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण कर संबंधित आवेदकों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर प्रशांत त्रिपाठी एवं अमित बम्हरौलिया, एसडीएम सुरेश जाधव, सौरभ मिश्रा, नंदन तिवारी, देवेंद्र द्विवेदी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button