सिंगरौली में परिवहन विभाग की सख्त कार्रवाई, 5 वाहन जब्त, 10 पर कार्रवाई
विशेष चेकिंग अभियान में 1.37 लाख रुपये का राजस्व वसूला, नियमों के पालन की दी गई हिदायत

अपना विचार समाचार
सिंगरौली। क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) सिंगरौली द्वारा सोमवार को जिले में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान राखड़ परिवहन में संलग्न वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें परिवहन नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए 5 वाहनों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया। वहीं विभिन्न मोटरयान नियमों और प्रावधानों के उल्लंघन के मामले में 10 अन्य वाहनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग की इस कार्रवाई के दौरान कुल 1 लाख 37 हजार रुपये का राजस्व भी वसूला गया।
परिवहन विभाग ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, वैध दस्तावेजों की जांच तथा परिवहन नियमों के प्रभावी पालन के उद्देश्य से जिले में इस प्रकार के विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
विभाग ने सभी वाहन संचालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें, निर्धारित परिवहन नियमों का पालन करें तथा सुरक्षित एवं नियमसम्मत परिवहन व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



