निर्माणाधीन जिला न्यायालय भवन का प्रभारी मंत्री ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा में निर्माण के दिए निर्देश

निर्माणाधीन जिला न्यायालय भवन का प्रभारी मंत्री ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समय-सीमा में निर्माण के दिए निर्देश
सिंगरौली, 27 जुलाई। जिले में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनटीपीसी परिसर तथा निर्माणाधीन जिला न्यायालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती संपतिया उईके ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने निर्माणाधीन जिला न्यायालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसी को निर्देश दिए कि न्यायालय भवन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का दायित्व निभाने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान अधिवक्ता संघ के नव निर्वाचित अध्यक्ष विपिन शाह एवं उनकी टीम ने प्रभारी मंत्री को न्यायालय परिसर में अधिवक्ताओं के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था, आधुनिक बार कक्ष, पेयजल, शौचालय, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग से अवगत कराया। इस पर प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को अधिवक्ताओं और न्यायालय आने वाले आम नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक प्रावधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह, सिंगरौली विधायक राम निवास शाह, देवसर विधायक राजेन्द्र मेश्राम, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अतुल खंडेलवाल, कलेक्टर गौरव बैनल, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर लाल शाह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अर्चना सिंह, पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष नरेश शाह, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ताओं सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।



