“प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह: पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, 72 घंटे में चितरंगी पुलिस ने खोला राज”
“प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह: पत्नी ने प्रेमी संग रची साजिश, 72 घंटे में चितरंगी पुलिस ने खोला राज
अपना विचार समाचार | चितरंगी, सिंगरौली
चितरंगी पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग और पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई थी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 को ग्राम भरी निवासी रघुनाथ उर्फ सरजू खैरवार (38 वर्ष) का शव राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के किनारे बोल्डर के पीछे संदिग्ध अवस्था में मिला था। मृतक 19 जून को एक शादी समारोह में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी, जिस पर चितरंगी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक का अपनी पत्नी रामकली खैरवार से अक्सर विवाद होता था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि रामकली का एक वर्ष पूर्व से नीरज कुमार साह निवासी मलगा, थाना माड़ा से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों लगातार संपर्क में रहते थे।
पुलिस के अनुसार रामकली ने अपने प्रेमी नीरज कुमार साह और उसके साथी सूरज सिंह गोंड के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 19 जून को मृतक को शराब पिलाने के बहाने राष्ट्रीय राजमार्ग-39 के पास ले जाया गया, जहां दोनों आरोपियों ने पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को सड़क किनारे बोल्डर के पीछे फेंक दिया गया।
हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक की पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी और मौके से फरार हो गए। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
नीरज कुमार साह (23 वर्ष) निवासी ग्राम मलगा, थाना माड़ा, जिला सिंगरौली
सूरज सिंह गोंड (22 वर्ष) निवासी ग्राम मलगा, थाना माड़ा, जिला सिंगरौली
रामकली खैरवार (30 वर्ष) पत्नी स्व. रघुनाथ उर्फ सरजू खैरवार, निवासी भरी, थाना चितरंगी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली के निर्देशन में थाना प्रभारी चितरंगी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इस अंधे कत्ल का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



